अंबेडकरनगर। जिले के 34 केंद्रों पर सोमवार को 15 से 18 आयु वर्ग के किशोरों व किशोरियों को कोरोना टीका लगाने के लिए महाअभियान चला। शीतलहर को देखते हुए कॉलेजों में अवकाश होने के चलते चयनित ज्यादातर विद्यालयों में सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि जिला अस्पताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर के अलावा सभी सीएचसी पर टीकाकरण अभियान चला। इसमें लगभग साढ़े नौ हजार किशोरों व अन्य नागरिकों को टीका लगाया गया। टीकाकरण के दौरान कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन किया गया। इसके साथ ही 15 से 18 आयु वर्ग वालों से अपील भी की गई कि ओमिक्रॉन से जंग जीतने के लिए वे जरूर टीका लगवाएं।
देश में लगातार बढ़ते ओमिक्रॉन के मामलों को देखते हुए बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 से 18 आयु वर्ग वाले किशोरों को भी कोरोना का टीका लगाने की घोषणा की थी। उन्होंने देश के नाम संदेश में कहा था कि जिस प्रकार से टीकाकरण अभियान को देशवासियों ने सफल बनाया है, उसी प्रकार से अब किशोरों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। प्रधानमंत्री की घोषणा के मद्देनजर सोमवार को जिले में टीकाकरण महाअभियान चला।
जिला अस्पताल, राजकीय मेेडिकल कॉलेज सद्दरपुर, सभी नौ सीएचसी व 23 विद्यालयों में शिविर लगाकर 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों को टीका लगाया गया। कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने 3 से 8 जनवरी तक स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया था। इसके चलते चयनित विद्यालयों में आमतौर पर सन्नाटा पसरा रहा। ऐसे में जिला अस्पताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर व सभी नौ सीएचसी पर टीकाकरण अभियान चला।
टीकाकरण के नोडल अधिकारी डॉ. रामानंद ने बताया कि सोमवार को चले अभियान में लगभग साढ़े नौ हजार किशोरों व नागरिकों को कोरोना टीका लगाया गया। टीकाकरण को लेकर किशोरों में उत्साह का माहौल दिखा। उन्होंने बढ़-चढ़कर संबंधित केंद्र पर पहुंचकर टीका लगवाया। कहा कि टीका लगाने के दौरान शासन की ओर से जारी कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन किया गया।
दो सगे भाइयों ने लगवाया टीका
कटरिया याकूबपुर निवासी राज मल्होत्रा अपने छोटे भाई जय मल्होत्रा के साथ जिला अस्पताल में कोरोना टीका लगवाने के लिए पहुंचा। अकबरपुर पब्लिक स्कूल में कक्षा 12 के छात्र राज ने कहा कि कोरोना से जंग जीतने के लिए वैक्सीन लगवाना अति आवश्यक है। हम सभी की जिम्मेदारी है कि खुद ही संबंधित केंद्र पर पहुंचकर टीका लगवाएं। रामलौट श्यामादेवी इंटर कॉलेज में कक्षा नौ के छात्र जय मल्होत्रा ने कहा कि जब उसे जानकारी हुई कि अब 15 से 18 आयु वर्ग वालों को भी टीका लगेगा, तो अत्यंत खुशी हुई। वह बड़े भाई के साथ सुबह ही जिला अस्पताल पहुंच गया। कहा कि मैंने तो टीका लगवा लिया, अब स्कूल जाकर अपने मित्रों को भी टीका लगवाने के लिए प्रेरित करेंगे।
माता-पिता के साथ पहुंची छात्रा
जिला मुख्यालय स्थित सरस्वतीपुरम कॉलोनी निवासी कक्षा 12 की छात्रा रागिनी सोमवार को अपने पिता विजय कुमार व माता निशा देवी के साथ जिला अस्पताल पहुंची। टीका लगवाने के बाद उसने खुशी का इजहार करते हुए कहा कि टीका लगने से वह खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही है। टीका लगवाने से पहले तो कुछ डर लग रहा था, लेकिन जब वह कक्ष में गई, तो डर समाप्त हो गया। 15 से 18 आयु वर्ग की छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि टीका लगवाने से किसी भी प्रकार का कोई साइड इफेक्ट नहीं है। ऐसे में उन्हें चाहिए कि वे बगैर किसी भय के टीका लगवाएं। टीका लगवाकर समाज व देश को कोरोना मुक्त करने व ओमिक्रॉन से जंग जीतने में अपनी भागीदारी पूरी मजबूती से दिखानी होगी।
किशोरियों ने बढ़-चढ़कर लगवाई वैक्सीन
माता अंजू के साथ जिला अस्पताल में टीका लगवाने पहुंची पटेलनगर निवासी अंशिका ने कहा कि 15 से 18 आयु वर्ग वालों को भी टीका लगाए जाने का निर्णय अत्यंत सराहनीय है। इससे देश में ओमिक्रॉन से जंग जीतने में बड़ी सफलता मिलेगी। शहजादपुर निवासी प्रियांशी जायसवाल अपने भाई रवि जायसवाल के साथ टीका लगवाने के लिए जिला अस्पताल पहुंची थी। प्रियांशी ने कहा कि टीका लग जाने से अब उसे किसी भी प्रकार का भय नहीं रहेगा। अब वह निडर होकर कॉलेज जा सकेगी। अपने मौसा मानिक कुमार के साथ जिला अस्पताल टीका लगवाने के लिए पहुंची दीपिका ने कहा कि सभी को वैक्सीन जरूर लगवाना चाहिए। इससे ओमिक्रॉन से जंग जीतनेे में आसानी होगी। कहा कि टीका लगने के बाद अब वह खुद को कोरोना से पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर रही है।
टीका लगवाने के लिए आगे आएं किशोर
कोरोना से जंग जीतने के लिए अब 15 से 18 आयु वर्ग वालों को भी टीका लगाया जा रहा है। इस महा अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी किशोरों पर है। ऐसे में किशोराें को चाहिए कि न सिर्फ वे खुद टीका लगवाएं, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
डॉ. श्रीकांत शर्मा, सीएमओ