रायबरेली से आकर शहर में लोगों को झांसा देकर गहने-नकदी उड़ाने वाले गिरोह का रविवार को भंडाफोड़ हो गया। एसओजी नगर व कीडगंज पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार दिन पहले हुई वारदात में उड़ाए गए गहने व नकदी के साथ कार भी बरामद की है। तीनों से देर रात तक पूछताछ होती रही।
पुराना बैरहना निवासी सरोज देवी को झांसा देकर 26 नवंबर को तीन बदमाशों ने सीएमपी डॉट पुल के पास एक लाख के गहने व नकदी उड़ा दिए थे। मुकदमा दर्ज होने के बाद एसओजी नगर क्षेत्र के प्रभारी शैलेष कुमार सिंह मयटीम बदमाशों की तलाश में जुटे थे। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पता चला कि बदमाश कार पर सवार होकर आए थे, जिस पर लखनऊ का नंबर था।
इसके बाद उनकी तलाश की जा रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त कार पर सवार कुछ लोग कीडगंज क्षेत्र में मौजूद हैं। जिस पर एसओजी टीम ने नाका प्रभारी पंकज भाष्कर की मदद से कार सवार तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में तीनों ने अपना नाम मकदूम अली, सईद आलम उर्फ कल्लू, इकबाल निवासी तुलैंदी, बछरावा रायबरेली बताया। साथ ही सीएमपी के पास महिला के गहने व नगदी उड़ाने की घटना कबूल की। साथ ही यह भी बताया कि वह रायबरेली से आकर भोले-भाले लोगों को बातों में फंसाकर नकदी-जेवर लूट लेते हैं और फिर वापस चले जाते हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर महिला से लूटे गए गहने व नकदी बरामद कर ली है।