यूपीपीएससी : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
अपर निजी सचिव (एपीएस) भर्ती-2013 के साथ एपीएस के पदों पर भर्ती के लिए नया विज्ञापन भी फंसा हुआ है। इस मसले पर अभ्यर्थियों ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा।
नियमावली के उल्लंघन पर आयोग ने पिछले दिनों एपीएस भर्ती परीक्षा-2013 को निरस्त कर दिया था और संशोधित विज्ञापन जारी कर नए सिरे से परीक्षा कराने का निर्णय लिया था। मामला अब न्यायालय में है। वहीं, आयोग को काफी पहले एपीएस के तकरीबन ढाई सौ पदों का अधिचायन मिला था, लेकिन आयोग नई भर्ती के लिए अब तक विज्ञापन जारी नहीं कर सका है। इस मसले पर बृहस्पतिवार को अभ्यर्थियों ने आयोग में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।
आयोग के उप सचिव पुष्कर श्रीवास्तव ने ज्ञापन प्राप्त किया और बताया कि एपीएस भर्ती-2013 को लेकर जब तक कोर्ट से कोई निर्णय नहीं होता है, तब तक परीक्षा नहीं कराई जा सकती है। वहीं, एपीएस की नई भर्ती का नया विज्ञापन जारी होने से पूर्व परीक्षा के पाठ्यक्रम में संशोधन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से पाठ्यक्रम को मंजूरी मिलते ही नया विज्ञापन जारी किया जाएगा।