कोहरे में रेल संचालन के लिए रेलकर्मियों को दी गई ट्रेनिंग
0 सुरक्षित रेल संचालन के दिए टिप्स, मौसम के अनुसार गति नियंत्रण की सलाह
प्रयागराज। आने वाले दिनों में संभावित कोहरे को देखते हुए रेलवे ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। कोहरे के दौरान सुरक्षित रेल संचालन हो इसके लिए रेलवे ने नव नियुक्त लोको पॉयलटों और डीजल रनिंग कर्मियों को प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को प्रयागराज जंक्शन लॉबी में संरक्षा संगोष्ठी हुई।
संरक्षा संगोष्ठी में कोहरे के दौरान रेल संचालन कैसे हो उसके बारे में बताया गया। इस दौरान रनिंग कर्मियों को एफएसडी, एमडीआरसी, सिग्मा बोर्ड, मोडीफाइड सिग्नल आदि के बारे में जानकारी दी गई। वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर (परिचालन) राहुल त्रिपाठी ने ट्रेन की गति मौसम के अनुसार नियंत्रित करने, सिग्नल पर अंतिम क्षण तक निगाह बनाए रखने को लेकर कहा। यह भी कहा कि प्लेटफार्म पर विशेष सजग रहा जाए। इस दौरान हार्न का अधिक से अधिक प्रयोग किया जाए। ट्रेन संचालन के पूर्व चालक पूर्ण विश्राम करके ही आए। इस दौरान वरिष्ठ क्रू नियंत्रक वासुदेव पांडेय ने मुख्यालय के सभी लोको पॉयलटों को शार्ट कर्ट तरीके अपनाने, ओवर शूटिंग ने करने के लिए जागरूक किया। इस दौरान 60 से ज्यादा कर्मचारी संगोष्ठी में शामिल हुए।