धूमनगंज में एक बार फिर एसएससी परीक्षा के दौरान सॉल्वर पकड़ा गया। स्टेनोग्राफर परीक्षा के दौरान एक युवक दूसरे की जगह परीक्षा देते मिला जिस पर उसे पुलिस को सौंप दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने दोस्त की जगह पर परीक्षा दे रहा था। पुलिस ने बताया कि केंद्र प्रबंधन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
12 नवंबर को एसएससी स्टेनोग्राफर परीक्षा आयोजित थी जिसके लिए सुलेमसराय स्थित मधु वाचस्पति इंटर कॉलेज को भी केंद्र बनाया गया था। परीक्षा के दौरान शक होने पर स्कूल प्रबंधक अनिल कुमार द्विवेदी ने जांच पड़ताल की तो एक युवक दूसरे की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया। उसने खुद को मो. हसन निवासी सोरांव बताया। जिसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने सच्चाई बयां कर दी।
बताया कि उसका नाम हसन यादव निवासी संदलपुर, पटना बिहार है। वह अपने दोस्त मो. निजाम निवासी उतरामपुर सोरांव की जगह पर परीक्षा देने आया था। पुलिस का कहना है कि उसके कब्जे से जाली पैन कार्ड, जाली वोटर आईडी कार्ड बरामद हुआ है। यह निजाम केमूल दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर बनाए गए थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।