इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुनीत कुमार ने कहा है कि अधिकार और कत्तर्व्य एक दूसरे के पूरक हैं। हमारे संविधान के अनुच्छेद 51 ए में इन सभी बातों का समावेश किया गया है। न्यायमूर्ति सुनीत कुमार संविधान दिवस के मौके पर अधिवक्ता परिषद हाईकोर्ट इकाई द्वारा आयोजित संगोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। संगोष्ठी का आयोजन बार एसोसिएशन के लाइब्रेरी हाल में किया गया था।
मुख्य वक्ता पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने कहा कि अनुच्छेद 51 ए में हमारे कत्तव्यों का बोध कराया गया है। अधिकारों के साथ कत्तव्यों का पालन करके ही संविधान के लक्ष्य और उद्देश्यों को प्राप्त कर सकेंगे। अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता वीपी श्रीवास्तव ने कहा कि हमारा समाज तभी एक जुट रह सकता है जब हम संविधान द्वारा बताए गए कत्तव्यों का पालन करेंगे।
संगोष्ठी को हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरेंद्र नाथ सिंह और परिषद के प्रदेश महामंत्री शतल कुमार गौड़ ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि बार के महासचिव प्रभाशंकर मिश्र थे। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता परिषद के महासचिव अजय कुमार मिश्र ने किया। इस मौके परआलोक मिश्र, सत्य प्रकाश सिंह,अखिलेश मिश्र, विवेक शर्मा, सूरज मौर्या, एलएम सिंह,रवि पांडेय, डीके तिवारी सहित तमाम अधिवक्ता मौजूद थे।
संविधान दिवस पर एक अन्य कार्यक्रम का आयोजन एडवोकेट् एसोसिएशन द्वारा अपने कार्यालय सिविल लाइंस में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत भाष्कर ने की। इसमें चंद्र प्रकाश निगम, उषा सिंह, शिवमंगल सिंह, रुपेंद्र नाथ सिंह सहित दर्जनों अधिवक्ता मौजूद थे।