prayagraj news : बच्ची चोरी के आरोप में गिरफ्तार आरोपी।
- फोटो : prayagraj
इलाहाबाद जंक्शन से 20 दिन की बच्ची चोरी होने के मामले में पीएचसी में कार्यरत आशा कार्यकर्ता भी शामिल थी। पुलिस ने उसके साथ ही कुल छह लोगों को गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को मामले का खुलासा कर दिया। बताया कि आरोपियों में पांच महिलाएं हैं, जिनमें बच्ची को 40 हजार में खरीदने वाली महिला व उसकी मां, भाई भी शामिल हैं।
जंक्शन परिसर में रहने वाली नेहा पत्नी गोलू की 20 दिन की बच्ची 24 नवंबर को चोरी कर ली गई थी। दंपती ने पुलिस को बताया कि जंक्शन परिसर में ही घूमने वाला अंकित उनकी बच्ची को लेकर गया है। मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस ने बच्ची बरामद करनेे के साथ ही मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने बताया कि कौशाम्बी निवासी सरिता कनौजिया पत्नी मोनू को कोई बच्चा नहीं था। जिस पर उसकी मां मीरा व भाई कमल कनौजिया ने उसे मायके बुलाकर उसके गर्भवती होने की झूठी कहानी गढ़ी।
इसके बाद करेलाबाग पीएचसी में तैनात आशा कार्यकर्ता सुनीता भूषण उर्फ अन्नू निवासी मऊआइमा के माध्यम से जंक्शन परिसर में रहकर भीख मांगने वाले अंकित, आफरीन व पूजा से संपर्क किया। पूर्व योजना के तहत ही अंकित ने गेट नंबर तीन के पास रहने वाले दंपती से मेलजोल बढ़ाना शुरू किया और मौका पाकर 24 नवंबर को बच्ची अगवा कर ली।
इसके बाद 40 हजार रुपये लेकर बच्ची कनौजिया परिवार को सौंप दी। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि यह भी जानकारी मिली है कि आफरीन,पूजा व अंकित स्टेशन पर घूम-घूमकर यही काम करते हैं। फिलहाल अंकित का पता नहीं लग सका है। उसकी तलाश की जा रही है। अन्य सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले के खुलासे में सर्विलांस प्रभारी बृजेश सिंह व उनकी टीम की अहम भूमिका रही।