प्रो. राजेंद्र सिंह उर्फ रज्जू भय्या विश्वविद्यालय परीक्षा की उत्तर पुस्तिका सोशल मीडिया में वायरल।
- फोटो : अमर उजाला
प्रो. राजेंद्र सिंह उर्फ रज्जू भय्या विश्वविद्यालय की मेजा के कई परीक्षा केंद्रों पर हो रही बीए, बीएससी और बीकॉम की नकलविहीन परीक्षा कराने का दावा फेल होती नजर आ रही है। कई परीक्षा केंद्रों के अंदर हाइटेक तरीके से नकल कराई जा रही है। मोबाइल पर सारा मैटर उपलब्ध है। उसी से कमरे में कक्ष निरीक्षक बोल-बोल परीक्षा करा रहे हैं। बृहस्पतिवार को मेजा के एक परीक्षा केंद्र की उत्तर पुस्तिका की फोटो भी वायरल हुई तो हड़कंप मच गया।
केंद्र व्यवस्थापक भी कहते नजर आए कि पता नहीं यह सब कैसे हो गया। बता दें कि इस समय बीए, बीएससी और बीकॉम की प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर की परीक्षा चल रही है। लाला लक्ष्मी नारायण डिग्री कॉलेज सिरसा को नोडल केंद्र बनाया गया है। नोडल केंद्र के प्रभारी डॉ. महेंद्र जायसवाल ने बताया कि मेजा में 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जहां पर पेपर, कॉपी देने की व्यवस्था लाला लक्ष्मी नारायण डिग्री कॉलेज की ही है। यहां पर उत्तरपुस्तिका के संकलन की भी जिम्मेदारी है।