पश्चिमी बंगाल में लॉकडाउन की वजह से रेलवे ने प्रयागराज जंक्शन से होकर हावड़ा की तरफ जाने वाली ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। निरस्त होने वाली प्रमुख ट्रेनों में स्पेशल राजधानी, पूर्वा एक्सप्रेस एवं जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस के नाम हैं। उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ अजीत कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल में लॉकडाउन की वजह से ही ट्रेनों को निरस्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 02302 नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी 10 एवं 11 सितंबर, 02301 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल राजधानी 11, 12 सितंबर को निरस्त रहेगी। 02308 जोधपुर-हावड़ा स्पेशल नौ एवं दस और 02307 हावड़ा-जोधपुर स्पेशल 11 और 12 सितंबर को निरस्त की गई हैं।
इसके अलावा 02303 हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस को 12 सितंबर और 02382 नई दिल्ली-हावड़ा पूर्वा स्पेशल का निरस्तीकरण 11 सितंबर को किया गया है। इसके अलावा मंगलवार को हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल राजधानी एवं हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस निरस्त होने की वजह से प्रयागराज जंक्शन नहीं आएगी।