तकरीबन तीन माह से निरस्त चल रही हरिद्वार एक्सप्रेस, प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस, गाजीपुर डीएमयू, ऊंचाहार एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें एक बार फिर से पटरी पर दौड़ेंगी। कोहरे की वजह से दिसंबर 2021 में निरस्त चल रही यह सभी ट्रेनें रेलवे एक बार फिर से शुरू करने जा रहा है। इस दौरान रेलवे द्वारा जिन ट्रेनों के फेरे घटाए गए थे, वह सभी ट्रेनें भी अब पहले की तरह अपने पूर्व निर्धारित शेड्यूल के हिसाब से चलेंगी।
प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन से शुरू होने वाली ट्रेनों की बात करें तो यहां प्रयागराज संगम-योगनगरी ऋषिकेश हरिद्वार एक्सप्रेस एवं प्रयागराज-गाजीपुर सिटी डीएमयू एक मार्च से शुरू होने जा रही है। इसी तरह प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस एवं प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस का संचालन दो मार्च से शुरू हो जाएगा। गाजीपुर डीएमयू पिछले कोरोना की पहली लहर के दौरान ही बंद की गई थी, जो अब तकरीबन दो वर्ष बाद शुरू हो रही है।
उधर, प्रयागराज जंक्शन पर आने वाली भी कई ट्रेनों का संचालन शुरू होने जा रहा है। यहां से गुजरने वाली जो ट्रेनें शुरू हो रही हैं उसमें झांसी-कोलकाता, हटिया-आनंद विहार एक्सप्रेस, सांतरागाछी-आनंद विहार, जयनगर-नई दिल्ली स्वतंत्रता सेनानी, सहरसा-नई दिल्ली, कामाख्या-दिल्ली, आनंद विहार-सीतामढ़ी लिच्छवी एक्सप्रेस प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा सारनाथ एक्सप्रेस, दिल्ली-आजमगढ़ आदि का संचालन अब पहले की भांति हर रोज होगा।