अंदावा से हंडिया होकर वाराणसी और मिर्जापुर जाने वालों की राह जल्द ही आसान हो जाएगी। शासन ने ओल्ड जीटी रोड के चौड़ीकरण का फैसला लिया है। इसके लिए अपनी तरफ से हरी झंडी दिखा दी है। जल्दी ही टेंडर होने के बाद काम शुरू कर दिया जाएगा। यह मार्ग अंदावा से लेकर हंडिया तक फोर लेन होने जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता केके पहूजा ने बताया कि ओल्ड जीटी के चौड़ीकरण का प्रस्ताव पहले से ही शासन के समक्ष भेजा गया था लेकिन उस पर अब स्वीकृति मिली है। इस परियोजना पर कुल 212 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अंदावा से हंडिया तक की कुल दूरी 22 किलोमीटर है। यानी कुल 22 किलोमीटर की दूरी तक फोर लेन बनाया जाएगा। अभी यह रोड दो लेन की है। कहीं-कहीं पर इसकी चौड़ाई सात मीटर ही है।
इस वजह से सरायनाइत, हनुमानगंज, सैदाबाद और हंडिया में अक्सर लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इस वजह से इसके चौड़ीकरण का प्रस्ताव दो साल पहले ही भेजा गया था। शासन ने हाल ही में उसकी मंजूरी दे दी है। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू किया जाएगा। हालांकि, उसके पहले ओल्ड जीटी के चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर, तार, पानी की पाइप लाइन, नाले आदि का शिफ्ट किया जाएगा। उसके बाद चौड़ीकरण का काम शुरू किया जाएगा।