इंसानियत को तार-तार करने वाली एक घटना में पुराना कटरा निवासी 70 वर्षीय विद्यावती गुप्ता की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके बाद शव सोरांव के हादीगंज में ले जाकर दफन कर दिया गया। आरोप है कि 25 लाख रुपये के गहनों के लिए इस वारदात को विद्यावती के भतीजे ने ही अपने तीन साथियों संग मिलकर अंजाम दिया। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर शव बरामद कर लिया है।
कटरा के मछली बाजार में रहने वाली विद्यावती के पति गणेश प्रसाद वैश्य का निधन हो चुका है। उनके तीन बेटे हैं लेकिन तीनों अलग-अलग रहते हैं। विद्यावती मछली बाजार मोहल्ले में स्थित मकान में नीचे रहती थीं। जबकि ऊपरी तल पर उनके पट्टीदार के बेटे रहते हैं। वह अकेले ही घर में रहा करती थीं। 17 अगस्त को संदिग्ध हालात में वह गायब हो गईं। बहुत खोजबीन के बाद भी पता नहीं चला तो अगले दिन 18 अगस्त को बेटे ने गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की तो पता चला कि रिश्ते में भतीजा लगने वाला एक युवक बुजुर्ग महिला के घर अक्सर आया जाया करता था।