मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) आगामी शैक्षणिक सत्र 2022-23 से एमटेक इन साफ्टवेयर इंजीनियरिंग में प्रवेश नहीं लेगा। इसकी जगह एक नए पाठ्यक्रम एमटेक इन आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस एंड डेटा साइंस में प्रवेश लेगा। बोर्ड आफ गवर्नर (बीओजी) की गत दिनों हुई बैठक में सर्वसम्मति से इस फैसले पर मुहर लगी है। इससे पहले भी संस्थान बीटेक इन इन्फॉरमेशन टेक्नोलॉजी (आईटी) में प्रवेश बंद कर इसकी सीटों को बीटेक इन सीएस में मर्ज कर दिया था।
एमएनएनआईटी में सत्र 2003-04 से बीटेक इन आइटी पाठ्यक्रम का संचालन किया जा रहा था। कंप्यूटर साइंस (सीएस) के साथ इस पाठ्यक्रम को भी संचालित किया जा रहा था। बीटेक आईटी में 110 सीटें थीं, जबकि सीएस में 180 सीटें थीं। 21 मार्च 2020 को संस्थान ने बीटेक इन आइटी को बीटेक इन सीएस में मर्ज करने का निर्णय लिया था। उस वक्त यह निर्णय लिया गया था कि नए सत्र 2021-22 से आइटी की जगह सीएस में प्रवेश दिया जाएगा।
इसके साथ ही सीटों की संख्या भी 290 हो गई थी, यह मौजूदा सत्र में प्रभावी है। एमटेक इन आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस एंड डेटा साइंस पाठ्यक्रम को आगामी सत्र में लागू करने के निर्णय पर बीओजी की बैठक में मुहर के बाद अब सीनेट से हरी झंडी मिलने का इंतजार है। एमएनएनआईटी के रजिस्ट्रार डॉ. सर्वेश कुमार तिवारी ने बताया कि संस्थान ने एमटेक इन साफ्टवेयर इंजीनियरिंग भी बंद करने का निर्णय लिया है। सत्र 2022-23 से इसकी जगह एमटेक इन आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस एंड डेटा साइंस में प्रवेश दिया जाएगा।