Prayagraj News : मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में महिला के कंधे का सफल प्रत्यारोपण किया गया।
- फोटो : प्रयागराज
मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के खाते में एक और उपलब्धि जुड़ गई है। यहां के आर्थोपेडिक विभाग के चिकित्सकों ने सर्जरी कर एक महिला के कंधे का पूर्ण प्रत्यारोपण किया है। सर्जरी के बाद महिला को इमरजेंसी में चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। मेडिकल कॉलेज में कूल्हे, घुटनों का आदि का प्रत्यारोपण पहले से हो रहा है। लेकिन कंधे का प्रत्यारोपण पहली बार हुआ है।
आर्थोपेडिक विभाग के चिकित्सक डॉ. सचिन यादव ने बताया कि सुल्तानपुर की 32 वर्षीय युवती कमलेश मौर्या के कंधे में पांच वर्षों से गठिया था। इस वजह से उसका कंधा उठ नहीं रहा था और वह अपना काम नहीं कर पा रही थी। वह 15 अक्तूबर को एसआरएन में ओपीडी में दिखाने आई थी। उसकी हालत को देखते हुए कंधे के पूर्ण प्रत्यारोपण का निर्णय लिया गया।
18 अक्तूबर को उनके नेतृत्व में महिला के कंधे की सर्जरी की गई, जो कि सफल रही। महिला ठीक है। अब उसे सात दिनों तक अस्पताल में रखा जाएगा। डॉ. सचिन ने बताया कि उनकी टीम के द्वारा की गई सर्जरी काफी एडवांस है। जो कि देश के कुछ ही नामचीन चिकित्सा संस्थानों में हो रही है। टीम में उनके साथ डॉ. धर्मेंद्र यादव, डॉ. कीर्ति चौहान, डॉ. व्यास शुक्ला, डॉ. रवि प्रकाश आदि शामिल रहे।
मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह, आर्थोपेडिक विभागाध्यक्ष डॉ. डीसी श्रीवास्तव, शहर के वरिष्ठ आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. केडी त्रिपाठी, डॉ. कपिल कुलश्रेष्ठ सहित शहर के तमाम बड़े आर्थोपेडिक सर्जनों से इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि मेडिकल कॉलेज में इस सर्जरी के शुरू होने से आर्थिक रूप से कमजोर लोगाें को लाभ मिलेगा। उन्हें इस सर्जरी को कराने के लिए न तो अधिक पैसों का भुगतान करना होगा और न ही दिल्ली, मुंबई जैसे शहरों के चक्कर लगाने होंगे। अब उनके घर के नजदीक ही यह सर्जरी हो सकेगी।