कीडगंज के कृष्णा नगर में रहने वाली एमए की छात्रा अर्चना केशरवानी (23) ने घर के भीतर फांसी लगाकर जान दे दी। परिवारवालों ने पुलिस को बताया कि वह पढ़ाई को लेकर परेशान रहती थी। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मृतका के पिता अशोक केशरवानी व्यापार करते हैं। उनके तीन बच्चों में अर्चना छोटी थी। वह एमए की पढ़ाई कर रही थी। घरवालों ने पुलिस को बताया कि रोज की तरह बुधवार रात भी खाना खाने के बाद सभी लोग सोने चले गए। देर रात मां मीना केशरवानी कमरे में गई तो उसे फांसी पर लटका देख चीखने लगी। परिवार के अन्य लोग पहुंचे तो कोहराम मच गया। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग भी आ गए।
जानकारी पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों ने बताया है कि वह पढ़ाई को लेकर परेशान रहती थी। लेकिन स्पष्ट नहीं हो सका कि खुदकुशी की वजह क्या रही। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।