महात्मा गांधी मार्ग, बालसन चौराहा, शास्त्री पुल जैसे प्रमुख मार्गों पर अधिक समस्या है तथा लोग आए दिन दुर्घटना का शिकार होते हैं। इस बाबत अमर उजाला में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई। इसे संज्ञान में लेते हुए मंडलायुक्त ने नगर निगम सहित अन्य संबंधित विभाग के अफसरों की बैठक बुलाई।
मंडलायुक्त संजय गोयल ने क्षतिग्रस्त सड़कों की 15 दिनों में मरम्मत कराने का निर्देश दिया है। अमर उजाला के बुधवार के अंक में प्रकाशित खबर को संज्ञान में लेते हुए मंडलायुक्त ने संबंधित विभाग के अफसरों को चेतावनी दी कि तय अवधि में सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने इसके लिए नगर आयुक्त की अध्यक्षता में विशेषज्ञों की कमेटी भी गठित की।
विज्ञापन
शहर में कई स्थानों पर सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। जलभराव की भी भीषण समस्या है।
महात्मा गांधी मार्ग, बालसन चौराहा, शास्त्री पुल जैसे प्रमुख मार्गों पर अधिक समस्या है तथा लोग आए दिन दुर्घटना का शिकार होते हैं। इस बाबत अमर उजाला में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई। इसे संज्ञान में लेते हुए मंडलायुक्त ने नगर निगम सहित अन्य संबंधित विभाग के अफसरों की बैठक बुलाई। उन्होंने निर्देश दिया कि शहर के क्षतिग्रस्त मार्गों एवं क्षेत्रों को चिह्नित कर 24 घंटे के भीतर सूची उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने जल भराव वाले स्थानों की भी सूची बनाने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त रवि रंजन की अध्यक्षता में गठित कमेटी गठित की। यह कमेटी सर्वे कर यह बताएगी कि कहां पर किस तरह से सड़कों की मरम्मत की जानी है। टीम जलभराव एवं ड्रेनेज संबंधी समस्याओं से निजात के भी उपाय बताएगी। मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त से शनिवार तक इस बाबत रिपोर्ट मांगी। इसी क्रम में मंडलायुक्त ने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, प्रयागराज विकास प्राधिकरण, गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के अफसरों को 15 दिन के भीतर सड़कों की मरम्मत, जलभराव एवं ड्रेनेज संबंधी कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में आईजी केपी सिंह समेत अनेक अफसर मौजूद रहे।
विज्ञापन
कुंभ-2025 के लिए मांगे गए प्रस्ताव
कुंभ-2025 की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में मंडलायुक्त संजय गोयल ने बुधवार को बैठक में प्रस्ताव मांगे। उन्होंने सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा। मंडलायुक्त ने कुंभ-2019 को आधार बनाकर योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 2019 के आधार पर अधिक दबाव वाले स्थानों को चिह्नित किया जाए। मंडलायुक्त का श्रद्धालुओं एवं शहरियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने तथा सफाई पर ज्यादा जोर रहा। उन्होंने निर्माणाधीन योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की। सेतु निगम, लोक निर्माण विभाग, स्मार्ट सिटी के अंतर्गत निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित परियोजनाओं को कुंभ से पहले समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। अफसरों ने भी कहा कि कुंभ से पहले ज्यादातर काम पूरे हो जाएंगे। बैठक में पीडीए के उपाध्यक्ष अरविंद सिंह चैहान, नगर आयुक्त रवि रंजन, मुख्य विकास अधिकारी शिपू गिरि आदि मौजूद रहे। ब्यूरो