फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इलाहाबाद विवि में स्नातक अंतिम वर्ष का रिजल्ट 19 नवंबर से पहले, कुलपति ने सभी कॉलेजों को जारी किया पत्र

Sun, 08 Nov 2020 06:18 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
विज्ञापन
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा में इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) और संघटक महाविद्यालयों से चयनित हुए छात्र-छात्राओं के लिए राहत वाली खबर है। स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा का परिणाम 19 नवंबर से पहले जारी कर दिया जाएगा। वहीं, परास्नातक यानी पीजी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाओं का रिजल्ट 22 नवंबर तक जारी किए जाने की तैयारी है। ऐसे में इविवि एवं संघटक कॉलेजों के स्नातक अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए 19 से बीएड में प्रवेश के लिए शुरू होने जा रही काउंसलिंग में शामिल होने का रास्ता साफ हो जाएगा।

विज्ञापन

allahabad university
स्नातक अंतिम वर्ष और पीजी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों की कॉपियां मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन माध्यम से सभी संघटक कॉलेजों को भेजी जा चुकी हैं। कुलपति प्रो. आरआर तिवारी ने सभी संघटक महाविद्यालयों को पत्र जारी कर कहा है कि कोविड-19 के कारण कई बाधाओं के बीच परीक्षाओं का आयोजन कराय गया। परीक्षा नियंत्रक पर विभिन्न कारणों से परिणाम शीघ्र जारी किए जाने का काफी दबाव है। ऐसे में हम सभी का कर्तव्य है कि उनकी मदद के लिए आगे आएं और इविवि के हित में काम करें। 

कुलपति ने सभी कॉलेजों से कहा है कि स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा में शामिल सभी छात्र-छात्राओं के प्राप्तांक हर हाल में 16 नवंबर तक और पीजी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाओं में शामिल विद्यार्थियों के प्राप्तांक 22 नवंबर तक परीक्षा नियंत्रक कार्यालय को उपलब्ध करा दिए जाएं, ताकि परिणाम निर्धारित समय-सीमा के भीतर जारी किए जा सकें।

कुलपति ने अपने पत्र में यह भी कहा है कि अगर इस संबंध में कोई समस्या आती है तो वीसी ऑफिस या उनके ईमेल पर अथवा सीधे फोन पर उनसे संपर्क किया जा सकता है। उधर, रविवार के साप्ताहिक अवकाश पर भी परीक्षा नियंत्रक कार्यालय खुला रहा और परीक्षा नियंत्रक प्रो. रामेंद्र कुमार सिंह एवं स्टाफ के सभी लोग परिणाम तैयार करने में जुटे रहे।
विज्ञापन

इलाहाबाद विश्वविद्यालय

जरूरत पड़ी तो देंगे प्रोविजनल मार्कशीट

इविवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. रामेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि पूरा प्रयास होगा कि स्नातक अंतिम वर्ष का रिजल्ट 19 नवंबर से पहले और पीजी अंतिम सेमेस्टर का परिणाम 22 नवंबर तक जारी कर दिया जाएगा। अगर किन्हीं कारणों से पूरा परिणाम एक साथ जारी करने में दिक्कत आती है तो बीएड प्रवेश के लिए होने वाली काउंसलिंग में शामिल होने जा रहे छात्र-छात्राओं को प्रोविजनल रूप से मार्कशीट जारी कर दी जाएगी, ताकि वे काउंसलिंग में शामिल हो सकें। 

छात्रों से मांगे प्रवेश पत्र, बीएड प्रवेश की मेरिट लिस्ट

इविवि प्रशासन की ओर से स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों से उनके प्रवेश पत्र और बीएड प्रवेश परीक्षा की मेरिट लिस्ट का पेज मांगा है। इस बारे में इविवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. रामेंद्र कुमार सिंह की ओर से रविवार को नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया। इसमें कहा गया है कि बीएड प्रवेश परीक्षा क्वालीफाई कर चुके अभ्यर्थी स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा का प्रवेश पत्र और बीएड मेरिट लिस्ट का पेज नौ से 12 नवंबर तक सुबह 10 से शाम चार बजे के बीच परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में जमा कर दें, ताकि प्राथमिकता के आधार पर उनका रिजल्ट तैयार किया जा सके। 

पीजी में प्रवेश का रास्ता भी खुलेगा

इविवि के प्रवेश प्रकोष्ठ की ओर से पीजी प्रवेश परीक्षा का परिणाम भी जारी किया जा चुका है। लेकिन, स्नातक अंतिम वर्ष का रिजल्ट जारी न होने के कारण प्रवेश की प्रक्रिया अटकी हुई है। स्नातक अंतिम वर्ष का परिणाम आने के बाद पीजी में प्रवेश का रास्ता भी खुल जाएगा।

पीजीटी में भी आवेदन कर सकेंगे अभ्यर्थी

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक सेवा चयन बोर्ड की ओर से टीजीट-पीजीटी भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित है। पीजीटी यानी प्रवक्ता के 2595 पदों पर भर्ती की जानी है। इनमें 21 विषयों में पुरुष वर्ग और 19 विषयों में महिला वर्ग की अभ्यर्थियों की भर्ती होनी है। लेकिन, आवेदन के लिए संबंधित विषय में पीजी की डिग्री अनिवार्य है। अगर इविवि का परीक्षा विभाग 22 नवंबर तक पीजी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा का रिजल्ट जारी कर देता है तो परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए समय मिल जाएगा। इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों के तकरीबन 10 हजार अभ्यर्थियों को पीजी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा के परिणाम का इंतजार है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें