फतेहगंज पश्चिमी। एसएसपी के निर्देश पर स्मैक तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने अलग अलग स्थानों से दो महिलाओं समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक किलो 285 ग्राम स्मैक और एक लाख 15 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पूछताछ में तस्करों ने अपने कई साथियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। कोर्ट में पेश करने के बाद पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
फतेहगंज पश्चिमी इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह पचौरी के मुताबिक एसएसपी के निर्देश पर स्मैक तस्करों पर कार्रवाई के लिए दो टीमें बनाई गईं हैं। पहली टीम ने मंगलवार रात कस्बे में एक कॉलेज के सामने वाहनों की चेकिंग के दौरान संभल के थाना नखासा क्षेत्र के मोहल्ला खग्गू सराय निवासी यासीन खां और उसकी पत्नी सन्नो व रबर फैक्टरी कॉलोनी में अजहरी मस्जिद के पास रहने वाली कुलसुम को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के पास से 770 ग्राम स्मैक और एक लाख 15 हजार रुपये सहित एक बाइक व दो मोबाइल बरामद हुए।
दूसरी टीम ने एसआई संजीव कुमार के नेतृत्व में कस्बे केभिटौरा चौराहे के पास बुधवार सुबह फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला नई बस्ती निवासी अजीम और सराय मोहल्ला के मोहम्मद कासिम को गिरफ्तार किया। तलाशी में दोनों के पास से 515 ग्राम स्मैक बरामद हुई। सभी आरोपियों ने पूछताछ के दौरान कई और तस्करों के नाम बताए हैं। पुलिस टीमें उनकी तलाश कर रही हैं। बुधवार को पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांचों तस्करों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया।
कराई जाएगी फाइनेंशियल इंवेस्टिगेशन
एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि स्मैक तस्कर लंबे समय से इस धंधे में लिप्त थे। उनके संपर्क के कुछ लोगों के बारे में पता लगा है। उनकी तलाश में टीमें लगाई गई हैं। इसके अलावा आरोपियों की फाइनेंशियल इंवेस्टिगेशन भी कराई जा रही है। उसे भी कुर्क कराने की कार्रवाई की जाएगी।