गृह कर वसूली के दौरान नगर निगम के दो कर्मचारियों के साथ मारपीट और बदसुलूकी के मामले में महीने भर बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है। घटना चार अगस्त की है। कर्मचारियों का आरोप है कि गृहकर वसूली के दौरान मुट्ठीगंज में उनके साथ मारपीट की गई और मोबाइल तोड़ दिया गया। नगर आयुक्त रवि रंजन ने मारपीट की इस घटना की प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए एसपी सिटी को पत्र लिखा, लेकिन अब तक तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी है।
नगर निगम में आउटसोर्सिंग पर रखे गए कर्मचारी अनुराग केसरवानी और उपेंद्र नाथ श्रीवास्तव का कहना है कि नारायण सिंह नगर वार्ड में गृहकर वसूली के दौरान उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान मोबाइल भी तोड़ दिया गया और रिकार्डिंग नष्ट कर दी गई। कर्मियों की शिकायत पर कर अधिकारी पीके मिश्रा ने नगर आयुक्त को घटनाक्रम से अवगत कराया। नगर आयुक्त ने एसपी सिटी को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कहा है। फिलहाल घटना के दो दिन बाद भी इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है। मुट्ठीगंज पुलिस का कहना है कि दोनों कर्मियों का गृहस्वामी से रिकार्डिंग को लेकर विवाद हुआ था। मारपीट की पुष्टि नहीं हुई, इसलिए इस प्रकरण में अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।