कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) केंद्रीय सुरक्षा बलों के लिए कांस्टेबल जीडी भर्ती 2021 के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए ऑफिशियल वेबसाइट ssc.nic.in के अतिरिक्त उमंग ऐप पर भी आवेदन की सुविधा प्रदान की है। आयोग की ओर से इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दी गई है। आयोग की ओर से 17 जुलाई से कांस्टेबल जीडी भर्ती 2021 के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है। आयोग की ओर से कांस्टेबल जीडी के 25271 पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। इन पदों में 22424 पुरुष, 2847 महिला कांस्टेबल की भर्ती होगी।
आयोग की वेबसाइट धीमी चलने के कारण अभ्यर्थियों को हो रही परेशानी को देखते हुए उमंग एप पर आवेदन की सुविधा प्रदान की है। आयोग की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि अभ्यर्थी किसी भी एंड्रॉयड फोन से गूगल प्ले स्टोर पर जाकर उमंग एप डाउनलोड कर सकते हैं।
आयोग की ओर से कहा गया है कि उमंग एप डाउनलोड कर लेने के बाद परीक्षार्थियों को परीक्षा की नोटिस, परिणाम, परीक्षा कार्यक्रम (कैलेंडर), भर्ती का विवरण एवं एक बार में रजिस्ट्रेशन (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) की सुविधा मिलेगी। एसएससी की ओर से कांस्टेबल जीडी के लिए आवेदन 31 अगस्त तक होगा। अभ्यर्थी दो सितंबर तक फीस जमा कर सकेंगे, चालान के जरिये फीस सात सिंतबर तक जमा करने का मौका होगा।