नगर कोतवाली के भंगवा चुंगी पर दो पक्षों में जमीनी विवाद के दौरान जुटी भीड़ को हटाती पुलिस। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
विवादित जमीन पर कब्जा करने को लेकर शहर में भंगवाचुंगी के पास सोमवार को तोड़फोड़ के साथ ही ईंट-पत्थर चलने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। बाद में कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। नगर कोतवाली के भंगवाचुंगी निवासी पुरुषोत्तम खंडेलवाल के अनुसार, 2008 में उसने भंगवाचुंगी में हाईवे पर एक जमीन का बैनामा लिया था।
सोमवार को इस जमीन पर कुछ लोग कब्जा करने पहुंच गए। जमीन पर बने धर्मकांटा में तोड़फोड़ करने के साथ कुछ लोग मारपीट करने लगे। ईंट-पत्थर फेंकने के साथ ही सीसीटीवी और दीवार तोड़ दी। कंप्यूटर सहित अन्य उपकरण भी अराजकतत्वों ने लूट लिए। बवाल की सूचना पर भंगवाचुंगी चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची।
आरोपी पक्ष की ओर से कोर्ट के आदेश का हवाला देकर कब्जा करने की जानकारी पुलिस को दी गई। मामले की जानकारी पर पहुंचे सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने दोनों पक्षों को नगर कोतवाली में बुलाया।
कोतवाली में भी करने लगे विवाद
कोतवाली में सीओ सहित नगर कोतवाली पुलिस टीम दोनों पक्षों की बातें सुन रही थी। इस बीच दोनों पक्षों में दोबारा विवाद की नौबत आ गई। नाराज सीओ व नगर कोतवाल ने दोनों पक्षों को फटकार लगाई। तब जाकर लोग शांत हुए। देर शाम तक नगर कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई, लेकिन मामला नहीं सुलझा था। दोनों पक्ष केस दर्ज कराने की बात कहते रहे।
नगर कोतवाली के भंगवा चुंगी पर जमीनी विवाद में दो पक्षों में हुए पथराव के बाद बिखरे ईट पत्थर। संवा?- फोटो : PRATAPGARH