इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में रैगिंग का ताजा मामला सामने आया है। बीए प्रथम वर्ष के एक छात्र ने सीधे केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एचएचआरडी) की वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, शिकायतकर्ता ने अपना नाम नहीं बताया और न ही यह स्पष्ट किया है कि उसे किन छात्रों ने प्रताड़ित किया है। फिलहाल, इविवि प्रशासन की ओर से मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए कर्नलगंज थाने में तहरीर दे दी गई है।
बीए प्रथम वर्ष के एक छात्र ने एमएचआरडी की एंटी रैगिंग हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है कि उसे सीनियर छात्र मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। अक्सर उसके साथ गालीगलौज की जाती है और उसे मारापीटा भी जाता है। केंद्र सरकार रैगिंग से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से ले रही है, सो मामला इविवि प्रशासन के पास पहुंचते ही अफसर सतर्क हो गए। हालांकि, पीड़ित छात्र ने अपना नाम नहीं बताया है और न ही स्पष्ट हो सका है कि मामला किस हॉस्टल का है। रैगिंग लेने वाले किसी छात्र का नाम भी सामने नहीं आया है। चीफ प्रॉक्टर प्रो. रामसेवक दुबे ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए कर्नलगंज थाने में तहरीर दी गई है। इविवि के गेस्ट हाउस में आठ दिसंबर को दोपहर दो बजे बोर्ड ऑफ डिसिप्लिन की बैठक होगी। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक के दौरान इविवि में पिछले दिनों छात्रनेताओं के खिलाफ हुई निलंबन और निष्कासन की कार्रवाई पर कोई निर्णय लिया जा सकता है।