कालिंदीपुरम इलाके में बुधवार शाम एक विवाहिता ने ससुराल में फांसी लगा ली। काफी देर से वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो घरवाले देखने गए। वहां महिला फांसी पर झूल रही थी। सूचना पर धूमनगंज पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फांसी लगाने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। न ही घरवाले कुछ बता पा रहे हैं।
कालिंदीपुरम का रजनीश मिश्र प्रतियोगी परीक्षा का तैयारी करता है। उसके पिता पुलिस महकमे में आरक्षी के पद से रिटायर हैं। रजनीश दो भाइयों में छोटा है। चार साल पहले उसकी शादी भदोही की सारिका मिश्र उर्फ खुशबू (28) के साथ हुई थी। सारिका भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। रजनीश इन दिनों अनपरा गया हुआ है। बुधवार शाम को सारिका दूसरी मंजिल स्थित अपने कमरे में थी। शाम को जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो घरवाले उसे बुलाने गए।
काफी आवाज देने के बाद जब अंदर कोई जवाब नहीं मिला तो घरवालों ने रोशनदान से झांका। अंदर कमरे में सारिका फ ांसी के फंदे से लटकी हुई थी। सारिका को फांसी पर लटकते देख घर में कोहराम मच गया। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। रोशनदान के रास्ते दरवाजा खोला गया। सारिका को नीचे उतारा गया। उसकी सांस थम चुकी थी। चौकी प्रभारी राजरूपपुर आलोक यादव के मुताबिक युवती के फांसी लगाने की वजह स्पष्ट नहीं है। मायके वालों को खबर दे दी गई है। उनके आने के बाद यदि तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।