कीडगंज के कृष्णानगर में बृहस्पतिवार दोपहर मकान पर कब्जे को लेकर एक पक्ष ने जमकर तांडव मचाया। दर्जन भर हमलावरों ने दूसरे पक्ष के घर पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने घर में घुसकर महिलाओं ने युवतियों से बदसलूकी की। विरोध पर मार-पीटकर लहूलुहान कर दिया। शोरगुल सुनकर घर के लोग भागकर पहुंचे तो उन्हें पीटकर अधमरा कर दिया। हंगामा और मारपीट की सूचना पाकर कीडगंज पुलिस पहुुंची। पुलिस ने तीन को पकड़ लिया है।
कृष्णानगर के रहने वाली शबनम का बहादुरगंज के मोहम्मद अली उर्फ राजू से मकान को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि दोपहर में मोहम्मद अली अपने दर्जन साथियों के साथ हमला बोल दिया। शबनम का आरोप है कि वह घर में घुसकर उनकी बेटियों से और उनसे बदसलूकी किया और सामान उठाकर तोड़फोड़ करने लगे। शोरगुल सुनकर शबनम के देवर, ससुर भागकर पहुंचे तो उन्हें मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। शबनम का आरोप है कि हमलावरों ने उनकी बेटी फरहीन उर्फ सलोना का तमंचे की बट से सिर फोड़ दिया।
हमले में सलोना को गंभीर चोट आई। वह निजी अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत नाजुक है। वहीं मारपीट और बवाल की सूचना पाकर कीडगंज पुलिस पहुंची। पुलिस तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है। एसओ कीडगंज उमेश कुमार ने बताया कि मकान कब्जे का विवाद है। तीन को हिरासत में लिया गया है।