बस अड्डे पर खड़ीं रोडवेज की बसें
- फोटो : अमर उजाला
प्रयागराज के सिविल लाइंस और जीरोरोड बस स्टेशन पर व्यवसायिक कांप्लेक्स का निर्माण जल्द शुरू होगा। रोडवेज द्वारा इसकी तैयारी शुरू हो गई है। पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड में सिविल लाइंस बस स्टेशन को 114 करोड़ तो जीरो रोड बस स्टेशन को 40 करोड़ रुपये में संवारा जाएगा। दोनों ही बस स्टेशन पर व्यवसायिक कांप्लेक्स में होटल, मॉल एवं पार्किंग की सुविधा भी होगी। इसके लिए टेंडर जारी हो गया है।
दरअसल उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा प्रदेश के कुल 17 बस स्टेशनों को पीपीपी मोड में विकसित किया जाना है। इसमें प्रयागराज के दो बस स्टेशन शामिल हैं। यह दोनों ही बस स्टेशन निर्माणकर्ता निवेशक को 60 वर्ष की लीज पर दिए जाएंगे। यूपी रोडवेज ने दोनों ही बस स्टेशनों के निर्माण के लिए दो वर्ष का समय दिया है। इसके तहत एक ही भवन में नीचे बस स्टेशन और ऊपर वाले हिस्से में मॉल बनाया जाएगा।
इन बस स्टेशनों पर यात्रियों को तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। व्यवसायिक कांप्लेक्स में होटल, मॉल, पार्किंग आदि की सुविधा भी होगी। इसके लिए शासन द्वारा टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिवहन निगम के अफसरों से भी प्रस्ताव मांगा गया है। रोडवेज प्रयागराज के क्षेत्रीय प्रबंधक टीके एस बिसेन का कहना है कि सिविल लाइंस और जीरोरोड बस स्टेशन को पीपीपी मॉडल पर विकसित किए जाने का निर्णय लिया गया है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।