Prayagraj News : जस्टिस राजेश बिंदल, मुख्य न्यायाधीश इलाहाबाद हाईकोर्ट।
- फोटो : prayagraj
हाईकोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायमूर्ति राजेश बिंदल बुधवार सुबह जिला कचहरी का निरीक्षण करने अचानक पहुंच गए। उनके साथ महानिबंधक आशीष गर्ग भी थे। चीफ जस्टिस और रजिस्ट्रार जनरल के सुबह 10 बजे कचहरी पहुंचने से पहले तो लोग सकते मे आ गए। फिर जिला जज अमरजीत त्रिपाठी को जानकारी मिली तो वह भी पहुंच गए।
बुधवार सुबह 10 बजे जब मुख्य न्यायाधीश और महानिबंधक कचहरी पहुंचे तो उस वक्त कुछ न्यायिक अधिकारी कोर्ट में बैठ चुके थे और न्यायिक कार्यवाही शुरू हो गई थी जबकि कई अदालतों में न्यायिक अधिकारी पीठासीन नहीं हुए थे। मुख्य न्यायाधीश ने अपने स्टाफ के साथ जिला कचहरी की बहु मंजिला इमारत न्याय भवन में निरीक्षण किया। वहीं दूसरी ओर जिला कचहरी की नवनिर्मित 24 कोर्ट रूम के नाम से जानी जाने वाली इमारत में रजिस्ट्रार जनरल ने भी अपने स्टाफ के साथ निरीक्षण किया।
जिला जज अमरजीत त्रिपाठी को इसकी सूचना मिली तो वह तत्काल मुख्य न्यायाधीश की अगवानी को पहुंचे। मुख्य न्यायाधीश ने उन न्यायिक अधिकारियों के बारे में जानकारी ली जो अदालतों में नहीं बैठे थे। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों को पूरे ड्रेस कोड में अदालत में बैठने की नसीहत भी दी। चीफ जस्टिस के दौरे की चर्चा कचहरी में दिनभर होती रही।