Prayagraj News : सुनीता गोस्वामी। फाइल फोटो
- फोटो : prayagraj
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य सुमन गोस्वामी का रविवार को निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह डेंगू से पीड़ित थीं। उनके निधन पर पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी समेत तमाम पदाधिकारियों ने शोक जताया है।
भाजपा मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि सुमन गोस्वामी भाजपा में वर्ष 2002 में शामिल हुईं। उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा के मंडल पदाधिकारी एवं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष का भी पद संभाला। वह वर्तमान में महिला मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति सदस्य के रूप में काम कर रही थीं। डेंगू से पीड़ित होने की वजह से उनका पिछले कुछ दिनों से रेलवे अस्पताल में इलाज चल रहा था।
रविवार सुबह पांच बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उधर, उनके निधन की सूचना मिलते ही रेलवे कॉलोनी स्थित उनके आवास पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई। वह अपने पीछे पति, एक बेटी एवं दो बेटों को छोड़ गई हैं।
पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी के साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सिद्धार्थ नाथ सिंह, सांसद केशरी देवी पटेल, मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी, कविता यादव त्रिपाठी, डॉ. एलएस ओझा, अवधेश चंद्र गुप्ता, वरुण केसरवानी, गिरजेश मिश्र आदि ने दुख जताया है। उनका अंतिम संस्कार सोमवार की सुबह दारागंज घाट पर होगा। वहीं, दूसरी ओर व्यापारी एकता समिति के प्रदेश अध्यक्ष विजय गुप्ता, राम प्रसाद यादव, दुर्गा प्रसाद गुप्ता आदि ने भी सुमन गोस्वामी के निधन पर शोक जताया है।