समाजवादी पार्टी द्वारा निकाली गई किसान नौजवान बेरोजगार पटेल यात्रा का समापन रविवार 31 अक्तूबर को केपी कालेज में होगा। यात्रा के समापन की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों की बैठक रविवार को हुई। बैठक में बताया गया कि प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम इस यात्रा को लेकर प्रयागराज आएंगे।
बैठक में महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन ने कहा कि तीन माह पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम के नेतृत्व में यह यात्रा निकाली गई। सूबे की सभी 403 विधानसभा का भ्रमण करते हुए सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर इस यात्रा का समापन प्रयागराज में होगा। बैठक में कहा गया कि वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में सपा की जीत निश्चित है। कहा कि भाजपा की नीतियों और बढ़ती महंगाई के विरोध में ही प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के नेतृत्व में 29 अगस्त को सीतापुर महमूदाबाद से यात्रा की शुरुआत हुई।
यात्रा अपने आखिरी पड़ाव पर मिर्जापुर से रविवार 31 अक्तूबर को प्रयागराज में प्रवेश करेगी। यहां सुबह दस बजे केपी कालेज मैदान में यात्रा का समापन होगा। बैठक में विनोद चंद दुबे, रविंद्र यादव, महेन्द्र निषाद, इसरार अंजुम, विजय वैश्य, मोईन हबीबी, दिनेश यादव आदि मौजूद रहे।
महंगाई काबू में करने के लिए जीएसटी के दायरे में आए पेट्रोल और डीजल
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने डीजल और पेट्रोल के बढ़ते दाम पर चिंता जताई है। रविवार को व्यापार मंडल के
पदाधिकारियों की बैठक में कहा गया कि पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इनकी बढ़ती कीमत पर काबू करने के लिए उसे जीएसटी के दायरे में लाया जाए। व्यापार मंडल के कार्यालय में हुई बैठक में कहा गया कि बढ़ती हुई महंगाई की मुख्य जड़ पेट्रोल और डीजल की दामों में अप्रत्याशित वृद्धि ही है ।
बैठक में जिलाध्यक्ष रमेश केसरवानी ने कहा कि जनता महंगाई की मार से बुरी तरह कराह रही है, लेकिन सरकार का ध्यान किसी कीमत पर आकृष्ट कराने में सफल नहीं हो पा रही है। कहा कि जल्द से जल्द पेट्रोल और डीजल को जीएसटी के दायरे मे लाया जाए ताकि महंगाई पर अंकुश लगाया जा सके। इसके साथ ही साथ सब्जियों के बढ़ते हुए दामों पर भी अंकुश लगाया जाय। बैठक का संचालन महानगर अध्यक्ष लालू मित्तल ने किया। इस अवसर पर आनंद जी टंडन, नीरज जायसवाल, अमित सिंह, आलोक कनौजिया, रतन केसरवानी, कौशल सिंह, बृजेश चौरसिया, सैफ अहमद आदि मौजूद रहे।