सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते प्रतापगढ़ के सांसद संगमलाल गुप्ता।
- फोटो : अमर उजाला।
लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से चुनावी मोड पर आ गई है। इसी वजह से भाजपा द्वारा यहां इस वर्ष तमाम कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में यहां पार्टी ने प्रदेश स्तरीय पिछड़ा वर्ग महाकुंभ करवाने की तैयारी की है। यह आयोजन नवंबर माह में प्रस्तावित है। इस आयोजन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के शामिल होने की चर्चा है। यह जानकारी सांसद प्रतापगढ़ संगम लाल गुप्ता ने बृहस्पतिवार को दी।
सर्किट हाउस में संवाददाताओं से मुखातिब सांसद ने कहा कि धर्म एवं आध्यात्म की कुंभ नगरी प्रयागराज में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के द्वारा नवंबर माह प्रदेश स्तरीय पिछड़ा वर्ग का महाकुंभ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसमें कई केंद्रीय मंत्री, कई राज्यों के मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय स्तर के नेता उपस्थित होंगे। कहा कि सम्मेलन में तकरीबन तीन लाख पिछड़े वर्ग के लोग शामिल होंगे।
आयोजन स्थल और तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी। संगम लाल गुप्ता ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी का 73वां जन्मदिन 17 सितंबर को मनाया जाएगा। इस अवसर देव शिल्पी विश्वकर्मा जयंती के अवसर राष्ट्रीय स्तर पर पीएम विश्वकर्मा कौशल सम्मान योजना का शुभारंभ करेंगे। यह योजना बुनकर, हस्तशिल्पी, बढ़ई ,कारीगर हलवाई , नाई ,मोची , ऐसे 140 प्रकार के कौशल पूर्ण व्यवसाय से जुड़ी काम करने वाले को कम दर की ब्याज पर उन्हें ऋण उपलब्ध कराएगी।
इस आयोजन को लेकर पिछड़ा वर्ग मोर्चा के द्वारा जिले स्तर पर एलसीडी टीवी लगाकर पिछड़ा वर्ग के लोगों को जोड़कर बृहद स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन होगा। बाइक रैली भी निकाली जाएगी। प्रेसवार्ता में विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, पूर्व विधायक दीपक पटेल, अश्वनी कुमार सिंह पटेल, मनोज कुशवाहा, राजेश केसरवानी, संजय पटेल, दिलीप कुमार चौरसिया आदि मौजूद रहे।