High Court Allahabad : हाईकोर्ट के मुख्य स्थायी अधिवक्ता अखिलेश अवस्थी ने हापुड़ लाठीचार्ज मामले में सरकार की ओर से अधिकारियों पर कोई कार्रवाई न करने से नाराज होकर अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। कहा कि वकीलों को न्याय नहीं मिल रहा है।
हापुड़ में वकीलों पर लाठीचार्ज के प्रकरण में सरकार की ओर से आरोपी अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने से नाराज इलाहाबाद उच्च न्यायालय में राज्य सरकार के मुख्य स्थायी अधिवक्ता अखिलेश अवस्थी ने इस्तीफा दिया है। अवस्थी का कहना है कि सरकार की ओर से वकीलों की मांग पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। अवस्थी उच्च न्यायालय बार काउंसिल के सदस्य भी हैं।
विज्ञापन
अधिवक्ताओं की शिकायतों पर 16 सितंबर को सुनवाई करेगी हाईकोर्ट की न्यायिक कमेटी
हापुड़ में अधिवक्ताओं पर हुए लाठी चार्ज के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर गठित न्यायिक कमेटी 16 सितंबर को अधिवक्ताओं की शिकायतें सुनेगी। इस संबंध में बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से अधिसूचना जारी की गई है। कहा गया है कि कमेटी के समक्ष कोई भी पीड़ित अपनी शिकायतों को दर्ज करा सकता है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के रजिस्टर (प्रोटोकॉल) आशीष कुमार श्रीवास्तव की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि हापुड़ की घटना के मामले में न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता की अगुवाई में गठित कमेटी 16 सितंबर को बैठक करेगी। इसमें घटना से जुड़े अधिवक्ता या कोई भी पीड़ित, शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। यह बैठक हाईकोर्ट के कमेटी रूम में सुबह 11 बजे से शुरू होगी। कमेटी के सामने वर्चुअली भी बात रख सकते हैं। कमेटी वर्चुअली शिकायतें सुनने के लिए एक लिंक भी जारी करेगी, जिसे कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जल्द अपलोड किया जाएगा।