एडीए और नगर निगम के संयुक्त दस्ते ने बृहस्पतिवार को चंद्रशेखर आजाद पार्क के चारों ओर अतिक्रमण हटाया। इस दौरान हनुमान मंदिर के सामने कई गुमटियां और रोड पटरी पर सजी गमले की दुकानें हटाईं। पन्ना लाल रोड पर आजाद पार्क के गेट के बगल में रखी लोहे की गुमटी हटाने के दौरान विरोध भी हुआ। इसी के बगल में एक कोचिंग संस्थान के बाहर रोड पटरी पर अवैध रूप से चल रहा साइकिल स्टैंड भी हटाया।
संयुक्त दस्ता जोनल अधिकारी पुष्कर श्रीवास्तव, अतिक्रमण निरीक्षक पीयूष मोहिले के नेतृत्व में दिन में हनुमान मंदिर चौराहा पहुंचा। यहां से कमला नेहरू रोड पर कार्रवाई की गई। इस दौरान मंदिर के ठीक सामने पटरी पर गुमटी लगाकर खोली गई मिठाई की दुकानें, फुटपाथ पर बिक्री के लिए रखे गए गमले आदि हटाए गए। हिन्दू छात्रावास चौराहा तक कार्रवाई के बाद दस्ता जीटी रोड पहुंचा। यहां फल आदि की दुकानें हटाने के बाद इंडियन प्रेस चौराहा होकर दस्ता पन्ना लाल रोड पहुंचा।
यहां दरभंगा कॉलोनी जाने वाली सड़क के ठीक सामने आजाद पार्क के गेट के बगल में लगी लोहे की बड़ी गुमटी हटाने के दौरान लोगों ने विरोध किया। अवैध रूप से लगी इस गुमटी पर पराग मिल्क भी लिखा था। गुमटी को वहां से हटवाया गया। इसी के ठीक बगल में एक कोचिंग के बाहर रोड पटरी पर अवैध स्टैंड हटाया गया। यहां कोचिंग आने वाले छात्रों की साइकिल खड़ी कराई जाती थी। इसके बाद दस्ते ने एलनगंज में बिलबेडियर प्रेस के पास अवैध रूप से बनी दीवार भी गिराई। दस्ते में एडीए के बीआई आरएन आजाद, एसपी सिंह भी शामिल थे।