prayagraj news : इलाहाबाद विश्वविद्यालय।
- फोटो : prayagraj
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) और संघटक महाविद्यालयों में विधि एवं प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू किए जाने पर अंतिम मुहर लगा दी गई है। जल्द ही परीक्षा के आयोजन के लिए एजेंसी का चयन कर लिया जाएगा। इसके लिए 28 जून को प्रवेश प्रकोष्ठ की कोर कमेटी की बैठक दोबारा बुलाई गई है। इस बैठक में बजट पर भी चर्चा की जाएगी।
इविवि की कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने बीएएलएलबी, एलएलबी, बीएड, एमएड, एमपीएड, एमटेक (अर्थ एंड सिस्टम साइंस), एमबीए, एमबीएआरडी, बीएफए, एमएफए, बीपीए, एमपीए और इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज (आईपीएस) के सभी पाठ्यक्रमों में सत्र 2021-22 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की अनुमति दे दी है। कुछ दिनों पहले प्रवेश प्रकोष्ठ की कोर कमेटी की बैठक में इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू किए जाने का प्रस्ताव पारित हुआ था और प्रस्ताव को मंजूरी कुलपति के पास भेजा गया था।
कुलपति से मंजूरी मिलने के बाद 28 जून को प्रवेश प्रकोष्ठ की कोर कमेटी की बैठक दोबारा बुला ली गई हे। इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. आरआई सिद्दीकी ने बताया कि प्रवेश परीक्षा एजेंसी के माध्यम से कराई जाएगी। ऐसे में एजेंसी का चयन होने के बाद ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शु़रू होगी और प्रवेश परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया जाएगा। एजेंसी के चयन के लिए टेंडर निकाला जाएगा। इसी के मद्देनजर 28 जून को बैठक बुलाई गई है। इस दौरान प्रवेश परीक्षा के बजट पर भी चर्चा की जाएगी।
prayagraj news : इलाहाबाद विश्वविद्यालय।
- फोटो : prayagraj
यूजी, पीजी में प्रवेश के लिए एनटीए पर टिकी नजर
इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संघटक महाविद्यालयों में स्नातक (यूजी) और परास्नातक (पीजी) के पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। इस मामले में इविवि प्रशासन को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) से जवाब मिलने का इंतजार है। दरअसल, इस बार केंद्र सरकार ने एनटीए को सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में संयुक्त रूप से प्रवेश की जिम्मेदारी सौंपी है। एनटीए ने अब तक न तो आवेदन की प्रक्रिया शुरू की और न ही प्रवेश का कार्यक्रम जारी किया। ऐसे में नए सत्र के लिए यूजी और पीजी की प्रवेश प्रक्रिया फंसी हुई है।
अगर एनटीए ने मना करने तो इविवि कराएगा परीक्षा
इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. आईआर सिद्दीकी का कहना है कि अगर एनटीए यूजी और पीजी की प्रवेश परीक्षा कराने से इनकार करता है तो इविवि प्रशासन अपने स्तर से प्रवेश परीक्षा कराएगा। फिलहाल अभी प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
कोर कमेटी में शामिल किए गए सात सदस्य
प्रवेश प्रक्रिया को गति देने के लिए सात सदस्यीय कोर कमेटी का गठन किया गया है। इसमें शिक्षाशास्त्र विभाग के प्रो. धनंजय यादव, कॉमर्स विभाग के प्रो. एके मालवीय, प्रो. आरके सिंह, के. बनर्जी सेंटर के डॉ. शैलेंद्र राय, डॉ. सुधीर कुमार, विधि विभाग के डॉ. हरिबंश सिंह और गृह विज्ञान विभाग की डॉ. मोनिका सिंह को शामिल किया गया है।