दिवाली के पहले विमानन कंपनियों की मनमानी यात्रियों पर भारी पड़ रही है। पर्व के पहले प्रयागराज आने वाली तमाम फ्लाइटों का किराया दो से तीन गुना तक बढ़ गया है। इतना ही नहीं पर्व के बाद भी प्रयागराज से विभिन्न तिथियों में विमानन कंपनियां मनमाना किराया वसूल रही हैं। बढ़े हुए किराये की सबसे ज्यादा मार पुणे, बंगलूरू और मुंबई जाने वाली फ्लाइट के यात्रियों पर पड़ी है। 31 अक्तूबर की ही बात करें तो निजी विमानन कंपनी इंडिगो की फ्लाइट में पुणे से प्रयागराज का किराया 18581 तो बंगलूरू से प्रयागराज का किराया 21420 रुपये हो गया है। इस वजह से इन शहरों से आने एवं पर्व के बाद वहां जाने वाले यात्री ज्यादा परेशान हैं।
दिवाली के पूर्व दक्षिण भारत, मुंबई एवं दिल्ली रूट से आने वाली तमाम ट्रेनों में काफी पहले ही प्रतीक्षा सूची हो गई है। तमाम ट्रेनों में नो रूम होने की वजह से यात्रियों के सामने हवाई यात्रा का ही विकल्प बचा हुआ है। ऐसे में जो लोग संपन्न है वह विमान से प्रयागराज आना चाह रहे हैं, लेकिन विमानन कंपनियों द्वारा पर्व के पूर्व किराया ज्यादा बढ़ा देने से लोग परेशान है कि वह करें भी तो क्या करें। सामान्य दिनों में मुंबई से प्रयागराज का किराया चार हजार रुपये के आसपास रहता है, लेकिन दिवाली के पूर्व 31 अक्तूबर से पांच नवंबर के बीच सभी तिथियों में किराया नौ हजार रुपये से ज्यादा हो गया है।
31 अक्तूबर को 12810, एक नवंबर को 10500, दो नवंबर को 11445, तीन नवंबर को 10500, चार और पांच नवंबर का किराया 9030 रुपये हो गया है। इसी तरह पुणे से एक से पांच नवंबर के बीच क्रमश: 12281, 9866, 9236, 8081 एवं 8081 किराया हो गया है, जबकि सामान्य दिनों में पुणे का न्यूनतम किराया 3967 रुपये ही रहता है। इसी तरह बंगलूरू, दिल्ली का भी पर्व के पहले एवं बाद में किराया बढ़ गया है। हालांकि, इन शहरों के मुकाबले देहरादून, भुवनेश्वर, रायपुर, बिलासपुर, भोपाल, गोरखपुर के किराये में वृद्धि अभी ज्यादा नहीं हुई है।
31 अक्तूबर से 04 नवंबर तक प्रयागराज आने का किराया
तारीख मुंबई पुणे बंगलूरू
31 अक्तूबर 12810 18581 21420
01 नवंबर 10500 12881 11130
02 नवंबर 11445 9866 9240
03 नवंबर 10500 9236 8190
04 नवंबर 9030 8031 9240