प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय में स्नातक द्वितीय एवं तृतीय वर्ष और परास्नातक के कुल दो लाख 71 हजार छात्र इस वर्ष की परीक्षा में शामिल होंगे, जबकि स्नातक प्रथम वर्ष एवं परास्नातक के एक लाख 61 हजार छात्र-छात्राओं को बिना परीक्षा प्रमोट किया जाएगा। परीक्षा कब होगी और किस प्रकार आयोजित की जाएगी, इस पर चर्चा के लिए शुक्रवार को कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में तय हुआ कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 15 जुलाई के बाद परीक्षा शुरू करा दी जाएगी। 20 अगस्त तक परीक्षा पूरी करा ली जाएगी और 31 अगस्त तक परिणाम जारी कर दिया जाएगा। परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। छात्रों को परीक्षा केंद्रों में ज्यादा देर तक रुकना न पड़े, सो स्नातक की परीक्षा में प्रश्रपत्रों की संख्या घटा दी जाएगी। इसके साथ ही जो परीक्षा तीन घंटे में पूरी होती थी, उसके लिए अब डेढ़ घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
स्नातक प्रथम वर्ष के एक लाख 26 हजार और परास्नातक के 35 हजार यानी कुल एक लाख 61 हजार छात्र-छात्राओं को बिना परीक्षा प्रमोट किया जाएगा। वहीं, स्नातक द्वितीयवर्ष के एक लाख 20 हजार, तृतीय वर्ष के एक लाख 11 हजार और परास्नातक के तकरीबन 40 हजार छात्रों यानी कुल दो लाख 71 हजार छात्रों को परीक्षा देनी होगी। हालांकि परीक्षा समिति की बैठक में तय हुआ कि सोमवार को फिर से बैठक की जाएगी और इसमें तमाम बिंदुओं पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।