घरेलू कलह से तंग युवक ने रेलवे जंक्शन के पास शनिवार रात को आम्रपाली एक्सप्रेस के सामने छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल युवक को आगरा रेफर कर दिया गया है। वाकया रात करीब 8:30 बजे का है। आम्रपाली एक्सप्रेस (05734) के सामने किमी नंबर 1325/26 के पास युवक ने ट्रेन के आगे छलांग ली दी। ट्रेन चालक ने तत्काल टूंडला हेडक्वार्टर में सूचना दी। आरपीएफ इंस्पेक्टर चमन सिंह तोमर ने बताया कि वहां से सूचना मिलने के बाद एएसआई रणवीर सिंह व केशव देव, नूरूद्दीन घायल को जेएन मेडिकल कॉलेज लेकर गए। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को होश आया तो उसने अपने भाई का नाम सुनील पुत्र धीर सिंह शंकर विहार कॉलोनी, क्वार्सी बताया और अपना नाम उपेंद्र सिंह बताया।
सूचना पर भाई व परिवार के अन्य लोग जेएन मेडिकल कालेज आए। उन्होंने बताया कि परिवार मूलरूप से सोरो, कासगंज का रहने वाला है। अलीगढ़ में रोजगार के सिलसिले में शंकर विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहते हैं। उपेंद्र सिलिंडर ढोने का काम करता है। परिवार वालों से कलह होने के चलते वह घर से निकल गया और आत्महत्या का प्रयास किया। आरपीएफ इंस्पेक्टर के मुताबिक जेएन मेडिकल कालेज से घायल युवक को उसके परिवार वाले आगरा के एक अस्पताल में रेफर करा ले गए हैं।