बारिश के बाद दिवानी के बाहर हुआ जलभराव।
- फोटो : neeraj
शुक्रवार रात और फिर शनिवार दोपहर में हुई बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ। शहर के वह स्थान जहां पर निर्माण कार्य चल रहा है, वहां पर असुविधाजनक स्थिति पैदा होने से राहगीरों को परेशानी हुई। आगामी एक-दो दिन इसी प्रकार का मौसम रहने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
शनिवार को बारिश के चलते शहर में तस्वीर महल चौराहे, पुलिस कंट्रोल रूम तिराहा, रसल गंज पुलिस चौकी, थाना बन्नादेवी के पास नौरंगाबाद पुल आदि स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त हो गईं।
तस्वीर महल चौराहा और पुलिस कंट्रोल रूम के पास निर्माण कार्य चल रहा है। बारिश के बाद यहां पर स्थिति और भी जटिल हो गई। यहां से गुजरते समय राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के पूर्व चेयरमैन प्रोफेसर अतीक अहमद कहते हैं कि जिस प्रकार की स्थितियां बन रही हैं, उसके मुताबिक कहा जा सकता है कि 15 अक्तूबर तक बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस वर्ष जुलाई में मानसून का इंतजार रहा। अगस्त में भी पर्याप्त बरसात नहीं हुई। अब सितंबर और 15 अक्तूबर तक संभावना है कि बरसात की स्थिति बनी रहेगी।