जिले में शतप्रतिशत कोरोना टीकाकरण व ग्राम पंचायत के सभी पात्र ग्रामीणों के वोटर कार्ड बनाने के लिए प्रशासन ने नई रणनीति बनाई है। इसके तहत ग्राम प्रधानों को वैक्सीनेशन व मतदाता जागरूकता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस मामले में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी ने प्रधान, सचिव व जिला स्तरीय अफसरों की जूम मीटिंग की।
मुख्य विकास अधिकारी अंकित खंडेलवाल ने निर्देश दिए कि सभी ग्राम पंचायतों में 100 प्रतिशत वैक्सीनेशन कराकर ग्राम पंचायतों को कोरोना मुक्त करें। मंगलवार को चलो बूथ की ओर अभियान के तहत सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम से बूथ तक रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया जाए। 17 नवंबर को 50 फीसदी से कम मतदान वाली 150 ग्राम पंचायतों में मैराथन दौड़ के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण बेहद आवश्यक है। प्रधान इसमें सक्रिय योगदान दें। लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी ग्रामीणों के वोट बनवाएं जाए। विशेष रूप से एक जनवरी 2022 को 18 साल की आयु पूर्ण कर रहे युवाओं के वोट बनवाए जाए। इस मौके पर डीपीआरओ धनंजय जायसवाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।