महानगर के रोरावर क्षेत्र के मामूद नगर में शुक्रवार देर रात हुई बिलाल की हत्या के चार नामजद आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिए। चारों सीसीटीवी में घटना के दौरान कैद हो गए थे। इनका अभी एक साथी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी है। लगातार परिवार व रिश्तेदारों पर दबाव भी बनाया जा रहा है।
सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह के अनुसार बिलाल की शुक्रवार रात उसके घर के पीछे खाली प्लाट में शराब पीकर जुआ खेल रहे कुछ युवकों ने विरोध करने पर ईंटों से प्रहार कर व मारपीट कर हत्या कर दी थी। मामले में बिलाल के भाई अशरफ ने पड़ोसी मोहल्ला गोविंद नगर के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। सीसीटीवी की पड़ताल व आसपास के लोगों से बातचीत के आधार पर पांचों की पहचान की गई। इनमें से चार आरोपी भोला, सलमान उर्फ घोड़ा, आमिर व समीर को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ के अनुसार इनमें से तीन आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकार्ड है। भोला पर तीन, सलमान पर चार, आमिर पर दो मुकदमे दर्ज हैं। वहीं पांचवें आरोपी की अभी तलाश चल रही है।--