धूल होली के हुड़दंग के मौके पर शुक्रवार दोपहर दो बजे तक शहर के चारों रूटों पर ई-बसों का संचालन रद्द रखा जाएगा। शहर के बीच हो रहे हंगामे और होली की मौज मस्ती के बीच यात्रियों के साथ बसों की सुरक्षा को लेकर यह फैसला लिया गया है।
बता दें कि धूल होली के अवसर पर सुबह सात बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक शहर में जमकर होली खेली जाती है। सुबह से ही रंग गिरना शुरू हो जाता है। दोपहर होते-होते यह माहौल उच्चस्तर पर होता है। डीजे बजाकर नाचते-गाते हुए हुरियारे जमकर हुड़दंग मचाते हैं। इस बीच शहर में आवागमन काफी कम संख्या में रहता है। लोग अपने निजी वाहनों से ही शहर के अंदर घूमते हैं। यात्रियों की सुरक्षा और ई-बसों की सुरक्षा को लेकर दोपहर दो बजे तक संचालन बंद रहेगा। होली की समाप्ति पर यह संचालन शुरू किया जाएगा। जो देर शाम तक जारी रहेगी। अलीगढ़ डिपो के एआरएम वीके शुक्ला ने बताया कि होली के मौके पर शहर में हुड़दंग का माहौल रहेगा। ऐसे में ई-बसों का संचालन दोपहर दो बजे तक रद्द रखेंगे। होली खत्म होने के बाद चारों रूटों पर बस दौड़ने लगेंगी।