बिजौली ब्लाक की ग्राम पंचायतों सांकरा, दादो व हरदोई में परफारमेंस ग्रांट से होने वाले 63 विकास कार्यों के टेंडर बृहस्पतिवार को समिति अध्यक्ष व डीडीओ के न होने के कारण नहीं डाले जा सके। अब सोमवार को यह टेंडर डाले जाएंगे। इस दौरान ब्लैक लिस्ट फर्में इन कामों के लिए टेंडर नहीं डाल सकेंगी। पंचायत राज विभाग ने इसके आदेश कर दिए हैं।
विकास की दृष्टि से पिछड़ी बिजौली ब्लाक की तीन ग्राम पंचायतों दादों, सांकरा व हरदोई में 40 करोड़ की परफारमेंस ग्रांट से काम होने हैं। सीसी रोड, नाली व खड़ंजा समेत कुल 63 कामों के लिए बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में टेंडर डाले जाने थे। लेकिन टेंडर समिति के अध्यक्ष एवं जिला विकास अधिकारी के जिले से बाहर होने के कारण यह प्रक्त्रिस्या नहीं हो सकी। जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल ने बताया कि टेंडर प्रक्त्रिस्या में पूर्व में ब्लैक लिस्टेड हुई फर्मों को मौका नहीं दिया जाएगा। बताते चलें कि तीनों ग्राम पंचायतों में परफारमेंस ग्रांट से हुए कामों की गुणवत्ता खराब मिलने पर चार नामचीन फर्मों और उनके ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट कर दिया गया था। इसी कार्रवाई के बाद से ही नए कार्यों के टेंडर अब तक नहीं हो सके हैं। डीपीआरओ ने बताया कि अब सोमवार को टेंडर खोले जाएंगे।
अधिशासी अभियंता रखेंगे गुणवत्ता पर नजर
अलीगढ़। ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की घटिया गुणवत्ता के मामले बढ़ने के बाद प्रशासन ने नई रणनीति अपनाई है। डीपीआरओ ने बताया कि अब पंचायतों में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए अधिशासी अभियंताओं की तैनाती की जा ही है। हर पंचायत में एक अधिशासी अभियंता लगाया जा रहा है।