मुख्यमंत्री आवास पर आत्मदाह करने निकल जाने पर महेंद्र नगर स्थित घर में भाई से पूछताछ करते पुलिस कर्मी।
- फोटो : Rupesh
24 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकार महेंद्र नगर निवासी एक युवती शनिवार को घर से लापता हो गई। घर के दरवाजे पर ताला लटका हुआ है। पुलिस उसके घर पहुंची तो माजरा देख हाथ-पांव फूल गए। युवती की दिनभर तलाश होती रही। मगर, उसका सुराग नहीं लगा। बता दें कि युवती ने इंसाफ न मिलने पर 15 अगस्त को सीएम आवास के सामने लखनऊ में आत्मदाह की धमकी दी थी।
गांधी पार्क इलाके की महेंद्र नगर निवासी सोनी रायजादा पुत्री अमर रायजादा का आरोप है कि कोतवाली के एटा अड्डा निवासी महिला से उसके पारिवारिक ताल्लुकात थे। इसी बात का फायदा उठाकर महिला, उसके पति व पति, भाइयों ने उनको फाइनेंस सेक्टर में निवेश कर रकम को दोगुना करने का लालच देकर 24 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद वह न तो मूल रकम वापस कर रहे हैं और न ही फाइनेंस सेक्टर में पैसा निवेश का कोई सबूत दे रहे हैं। रुपये मांगने पर महिला व उसके परिवार द्वारा मारपीट की गई। परिवार के पुरुषों द्वारा छेड़खानी की गई।
मामले में 18 मार्च 2021 को सासनी गेट थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस अन्याय से परेशान होकर उसके पास आत्महत्या के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है। पुलिस ने अगर कार्रवाई नहीं की तो वह 15 अगस्त को लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्महत्या करेगी।
शुक्रवार को उसने आरोप लगाया था कि थाना सासनी गेट पुलिस मामले के तूल पकड़े जाने के बाद भी आरोपी पक्ष पर कार्रवाई करने की बजाय उसे मनाने में लगी है। अगर, इंसाफ नहीं मिला तो वह अपनी धमकी को सत्य कर दिखाएगी। इसके बाद शनिवार को वह घर से गायब हो गई।