कमिश्नरी कार्यालय में तैनात प्रशासनिक अधिकारी जितेंद्र कुमार तिवारी ने एक युवक पर क्वार्सी थाने में धमकाकर पैसे मांगने और आरटीआई के जरिये अनुचित सूचनाएं मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।
प्रशासनिक अधिकारी जितेंद्र कुमार तिवारी का आरोप है कि क्वार्सी इलाके के स्वर्ण जयंती नगर में सेंट्रल पार्क राम सुधा अपार्टमेंट है। वहां हर्ष मित्तल रहता है। हर्ष मित्तल फोन पर अनुचित सूचनाएं देने का दबाव बनाता है। आरोप है कि हर्ष ने फोन पर धमकी दी थी कि एक प्लाट को लेकर जो एफआईआर दर्ज हुई है, उसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से कर उनके खिलाफ कार्रवाई कराएगा। पांच हजार रुपये देने का दबाव बनाने लगा।
12 अगस्त को कार्यालय आकर भी धमकी दी और झूठे मुकदमे में फंसाने की कहने लगा। फाइलों को इधर-उधर फेंक दिया। सीसीटीवी में यह पूरा वाकया कैद हो गया है। क्वार्सी थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। क्वार्सी इंस्पेक्टर विजय कुमार के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।