महानगर की यातायात व्यवस्था में सुधार और ऑटो-टेंपो में होने वाले अपराध को रोकने के लिए एसएसपी कलानिधि नैथानी ने एक और अभियान शुरू करने का निर्देश दिया है। अब शहर में चलने वाले ऑटो-टेंपो को पुलिस यूनिक आईडी नंबर जारी करेगी। ऑटो टेंपो पर नंबर अंकित करने का काम शुक्रवार से शुरू होगा। इसके बाद कोई ऑटो-टेंपो बिना नंबर चलते पाया गया तो उसे सीज कर दिया जाएगा।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि शहर में चलने वाले करीब पांच हजार ऑटो व टेंपो को जल्द ही यूनिक आई नंबर मिलने जा रहे हैं। इससे आए दिन होने वाली लूट, छिनैती और चोरी की वारदातों के अलावा महिलाओं व युवतियों के साथ होने वाली छेड़छाड़ व अभद्रता जैसी वारदातों पर अंकुश लगेगा। जिन ऑटो व टेंपों पर यूनिक आईडी अंकित होगा, उनको ही सड़कों पर दौड़ाने की अनुमति होगी।
नंबर जारी करने से पहले चालक-परिचालकों का सत्यापन व उनका डाटा रिकार्ड किया जाएगा। ताकि किसी भी घटना के बाद उस ऑटो, टेंपो को आसानी से पहचाना जा सके। इसे लेकर शुक्रवार से ट्रैफिक पुलिस द्वारा पांच जगह पर कैंप लगाकर चार डिजिट का यूनिक आईडी नंबर लिखवाया जाएगा। इसे लेकर अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।