पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तेजवीर सिंह गुड्डू के परिवार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। पुलिस स्तर से अब गुड्डू के बेटे पूर्व जिला पंचायत सदस्य दीपक सिंह को भूमाफिया करार देकर गैंगेस्टर एक्ट के तहत 21 लाख रुपये कीमत की दो कारें जब्त की गई हैं।
इसके अलावा अन्य संपत्तियों को लेकर सर्वे जारी है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मूल रूप से सुखरावली हाल जापान हाउस निवासी तेजवीर सिंह गुड्डू के बेटे दीपक सिंह ने अवैध रूप से जमीनों पर कब्जा कर फर्जी बैनामा का व्यापार कर संपत्ति अर्जित की है।
उसी संपत्ति में से 21 लाख रुपये कीमत की दो गाड़ियां फारच्यूनर कीमत 15 लाख रुपये और स्कार्पियो कीमत 6 लाख रुपये रविवार को जब्त की गई है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार दीपक पर सिविल लाइंस में दर्ज जमीन खरीद फरोख्त संबंधी मुकदमों के आधार पर गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। उसी गैंगेस्टर एक्ट में संपत्ति जब्तीकरण की यह कार्रवाई की गई है।
- भूमाफिया दीपक सिंह ने जमीन कब्जाने व फर्जी बैनामा करने संबंधी कारोबार से संपत्ति अर्जित की है। उसी क्रम में दीपक सिंह के नाम की दो गाड़ियां जब्त की गई हैं। अभी और भी पड़ताल जारी है। आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा।-कलानिधि नैथानी, एसएसपी
कारोबारी पर हमले के बाद गए जेल, फिलहाल जमानत पर
दीपक व उनका छोटा भाई कार्तिक शहर के नामचीन कारोबारी पर हमले के आरोप में जेल गए थे। उसी दौरान पुलिस ने सिविल लाइंस से संबंधित मुकदमों में दीपक, कार्तिक व उनके पिता तेजवीर सिंह गुड्डू पर गैंगेस्टर की कार्रवाई की और गुड्डू को भी जेल भेजा गया। पिछले दिनों दीपक व कार्तिक जमानत मिलने पर बाहर आ गए हैं, जबकि उनके पिता अभी बुलंदशहर जेल में निरुद्ध हैं।