गांव एटा वर्ली में अजगर को स्थानीय लोगों के मदद से पकड़ते वनकर्मी सर्वेश कुमार व पुत्तू लाल ।
- फोटो : CITY OFFICE
हरदुआगंज थाना क्षेत्र के एटावली गांव में रविवार को 40 किलो वजनी और 12 फीट लंबा अजगर मिलने से कई घंटों तक अफरातफरी का माहौल रहा। वन विभाग की टीम ने उसको पकड़ कर गंग नहर में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया है।
जिला वन अधिकारी रवींद्र वशिष्ठ ने बताया कि इस मौसम में सुरक्षित ठिकानों की तलाश में सांप, अजगर, छिपकली अंधेरी जगहों की तलाश में भटकते हैं। इसी तरह से अजगर गांव में किसी घर में छिपने के लिए पहुंच गया था। ग्रामीणों ने उसको मारा नहीं बल्कि विभाग को सूचना दी। विभागीय टीम ने उसको पकड़ा और गंग नहर में सुरक्षित इलाके में छोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि ठंडे रक्त वाले ये जानवर इस मौसम में अक्सर अपने प्रवास के लिए सुरक्षित जगह ढूंढने के लिए निकलते हैं। सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचने के बाद छह महीने तक हायबरनेशन (प्रवास) में चले जाते हैं। रविवार को पकड़ा गया अजगर आसपास के इलाके से गांव में पहुंचा था। इसका वजन 40 किलो और लंबाई लगभग 12 फुट थी। जहां पर इसको छोड़ा गया है, वहां पहले से ही कछुए, मछली और अन्य जानवर हैं, जिससे इसको पर्याप्त खाना भी मिल पाएगा और सुरक्षित रहेगा।