महानगर के सुनियोजित विकास के लिए बन रही महायोजना 2031 के फाइनल ड्राफ्ट 30 अगस्त का जारी होगा। योजना के तहत अलीगढ़ विकास प्राधिकरण के दायरे में जिले के 407 गांवों को शामिल किया जाएगा। ऐसे में प्राधिकरण का दायरा 748 वर्ग किलोमीटर हो जाएगा।
पहले में महायोजना 20 साल के अंतराल के बाद बनती थी। वर्ष 2001 में महायोजना बनी थी, उस समय इसका दायरा शहरी क्षेत्र तक ही सीमित था। लेकिन वर्ष 2008 में 203 गांवों को प्राधिकरण क्षेत्र में शामिल किया गया था। इन गांवों में महायोजना 2021 के तहत विकास कराया गया। महायोजना 2031 में 407 नए गांवों को शामिल किए जाने की तैयारी है।
इन गांवों में आबादी के हिसाब से ड्रेनेज, सीवरेज सिस्टम, पेयजलापूर्ति, औद्योगिक क्षेत्र व आवासीय क्षेत्र की प्लानिंग हो रही है। अधिशासी अभियंता डीएस भदौरिया ने बताया कि कार्यदायी संस्था आल इंडिया इंस्टीट्यूट आफ लोकल सेल गवर्नमेंट ने अब तक महायोजना का फाइनल ड्राफ्ट शासन को प्रेषित नहीं किया है। समय सीमा बढ़ाकर 30 अगस्त कर दी गई है। ड्राफ्ट फाइनल होने के बाद यह जिला स्तर पर आएगा। इस पर आम लोगों से आपत्तियां मांगी जाएंगी। इन आपत्तियों के निस्तारण के बाद महायोजना तैयार होगी।