डेंगू से धनीपुर क्षेत्र के 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। डेंगू के 29 नए मरीज सामने आए हैं। सरकारी एवं निजी अस्पताल में बुखार के मरीजों की कतार लगी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें बुखार प्रभावित गांवों का दौरा कर स्थिति को काबू में करने का प्रयास कर रही हैं।
धनीपुर प्रखंड के अधोन का माजरा पटेल नगला निवासी सुनील कुमार सिंह (27 वर्ष) 12 दिन से नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती थे। वह डेंगू पीड़ित थे और भाजपा किसान मोर्चा के महानगर अध्यक्ष ठाकुर राकेश सिंह के साले थे। राकेश सिंह ने बताया कि बुधवार रात्रि में सुनील की मौत हो गई। उनके निधन से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सुनील कुमार सिंह कोरोना से भी गंभीर रूप से बीमार हुए थे। मलखान सिंह जिला अस्पताल के लैब में 186 की जांच में 29 लोग डेंगू से पीड़ित पाए गए हैं। मलखान सिंह जिला अस्पताल में उपचार कराने पहुंचे 25 लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ ने डेंगू से मौत से अनभिज्ञता जताई है।
एडीएम सिटी एवं एसीएम ने किया निरीक्षण
स्वास्थ्य विभाग टीम द्वारा बुखार प्रभावित गांव सीहोर, दतावली, लक्ष्मणगढ़ी, बरौली, जवां के अतिरिक्त नगरीय क्षेत्र संजय गांधी कॉलोनी, इंदिरा नगर, कुंवरनगर में कैंप लगाकर 510 लोगों की दवाएं दी गईं। 109 बुखार के मरीज सामने आए। एडीएम सिटी राकेश पटेल द्वारा शक्तिनगर, जवाहरनगर का निरीक्षण किया गया। एसीएम द्वितीय अंजुम बी द्वारा क्वार्सी क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। कई घरों में डेंगू का लार्वा पाया गया। बुखार के 89 रोगियों की रक्त पट्टिका बनाई गई। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ ने डेंगू एवं मलेरिया से बचाव से संबंधित जानकारी दी। डॉ. शोएब, डॉ. तेजवीर, डॉ. अतिया, राजेश गुप्ता, मोनू आदि मौजूद थे।