पुलिस प्रबंधन में एमबीए डिग्रीधारी एसएसपी कलानिधि नैथानी जिला पुलिस में सुधार के लिए नित नए प्रयोग कर रहे हैं। अब उन्होंने जिले के देहात क्षेत्र में 28 पुलिस हलकों को चौकियों का दर्जा देने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही उन हलकों पर तैनात प्रभारी उपनिरीक्षकों को बतौर चौकी प्रभारी की हैसियत से सीयूजी नंबर जारी करने के आदेश दिए हैं। जरूरत के अनुसार वहां पुलिस लाइन से स्टाफ तैनात किया जाएगा।
बता दें कि अपने जिले के देहात का क्षेत्रफल व आबादी काफी ज्यादा है। उस अनुपात में वहां पुलिस व्यवस्था कम है। इसको ध्यान में रखकर एसएसपी ने यहां तैनाती के बाद से ही काम शुरू किया है। पूर्व में उन्होंने कुछ हलकों को चौकी का दर्जा दिया।
पिछले सप्ताह करीब 300 नई बीट देहात क्षेत्र में सृजित किए हैं। अब 28 हलकों को पूर्ण रूप से चौकी का दर्जा देने के आदेश दिए हैं। इस व्यवस्था के तहत देहात के दस थानों में यह चौकी बनाई गई हैं, जिनमें 6 थाने ऐसे हैं, जिनमें अब तक चौकी नहीं थीं। सिर्फ हल्कों की मदद से काम चल रहा था।
ये हलके बनेंगी नई चौकी
अकराबाद में गोपी, छर्रा में कस्बा छर्रा, नगला गुलरिया, भुड़िया, बरला में बरला मोड़, गाजीपुर, कलियानपुर रानी, गंगीरी में नौगंवा, बढ़ारी बुजुर्ग, तेहरा मोड़, विजयगढ़ में कटहरा आलमपुर, नगला बरी, बिस्तौली, पिसावा में कस्बा पिसावा, सबलपुर, पलसेड़ा, शादीपुर, गभाना में कस्बा गभाना, चंडौस में कस्बा चंडौस, दौरऊ मोड़, रामपुर शाहपुर, लोधा में कस्बा लोधा, करसुआ, बड़ागांव, गोधा में गोधा, सिखरना, छलेसर, तालिबनगर।
- इन 6 थानों में नहीं थी अब तक कोई चौकी:-बरला, छर्रा, गंगीरी, पिसावा, गोधा, चंडौस।
ये भी जानें
60 चौकियां शहरी आबादी में हैं सक्रिय
40 चौकियां देहात क्षेत्र में हैं अभी सक्रिय
50 करीब हल्कों के नाम से चौकी सक्रिय
- चौकी इंचार्ज को जनसुनवाई के लिए जिम्मेदार बनाने के लिए व आम जनमानस के प्रति सीधे फोन कॉल पर उपलब्ध रहने हेतु यह व्यवस्था की जा रही है। सभी चौकी प्रभारियों को डाटा पैकेज सहित सिम कार्ड आवंटित किए हैं। - कलानिधि नैथानी, एसएसपी