समाजवादी पार्टी के विक्रमादित्य मार्ग स्थित कार्यालय में सोमवार को हजारों की तादाद में रोजेदार, उलमा, इमाम, सज्जानशीन व शायर रोजा इफ्तारी में शामिल हुए। सपा की स्थापना के बाद यह पहला मौका है जब पार्टी दफ्तर में मुलायम सिंह यादव की गैर मौजूदगी में रोजा इफ्तारी हुई। सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां और शिवपाल यादव भी रोजा इफ्तार में नहीं पहुंचे।
रोजा इफ्तारी के लिए सपा दफ्तर के भीतर और बाहर रोड पर बड़े पंडाल लगाए गए थे। लखनऊ ही नहीं प्रदेश के विभिन्न जिलों से सपा के प्रमुख नेता व कार्यकर्ता पहुंचे। मुलायम सिंह दिल्ली से लखनऊ तो आ गए थे लेकिन रोजा इफ्तारी में नहीं आए। उनके गैर हाजिर रहने को सपा परिवार में चल रही उठापटक से जोड़कर देखा जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रोजेदारों का स्वागत किया।
रोजा इफ्तार में शिरकत करने वालों में नदवा कॉलेज के प्रिंसिपल मौलाना सईदुर्रहमान आजमी, ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगीमहली, चांद शिया कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैफ अब्बास, शाही इमाम टीले वाली मस्जिद मौलाना अब्दुल मन्नान, इमाम ए ईदगाह उजरियांव मौलाना सईद साहब, सज्जादानशीन देवा शरीफ वासिक वारसी, सज्जादा नशीन, दरगाह शमीना शाह, लाल बाबा कादिरी, पूर्व अपर महाधिवक्ता जफरयाब जिलानी जैसे कई प्रमुख लोगों ने रोजा इफ्तारी में शिरकत की।
ये भी रहे मौजूद
रोजा इफ्तारी के मौके पर सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, सांसद बेनी प्रसाद वर्मा, कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, सीपीआई नेता अतुल अंजान, विधानसभा में नेता विरोधी दल रामगोविंद चौधरी, विधान परिषद में नेता विपक्ष अहमद हसन, सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय आदि।
घंटों जाम लगा रहा जाम:
सपा की रोजा इफ्तारी के कारण सोमवार शाम को घंटों जाम लगा रहा। विक्रमादित्य मार्ग पर रोजा इफ्तारी के लिए बड़ा पंडाल लगा होने के कारण बैरिकेडिंग करके यह रोड बंद कर दी गई थी। दूर तक वाहनों की लाइनें लगी हुईं थी।