आगरा के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित आईएसबीटी के सामने श्रीराम होटल के कमरे में भिंड (मध्य प्रदेश) के रहने वाले रोहित यादव (32) का शव फंदे पर लटका मिला। वह कोरियर कंपनी में काम करता था। पुलिस कहना है कि युवक ने आत्महत्या की है। हालांकि सुसाइड नोट नहीं मिला है।
ये है मामला
थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि 12 सितंबर की शाम को युवक होटल में आया था। कमरा लिया था। बुधवार शाम तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला। बृहस्पतिवार को दरवाजा खटखटाने पर भी जवाब नहीं दिया। इस पर शक हुआ। कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गेट को किसी तरह तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इस दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई। पुलिस कमरे में पहुंची तो युवक पंखे से बने फंदे पर लटका हुआ था।
गृह क्लेश में आत्महत्या की आशंका
जानकारी पर दोपहर में युवक के परिजन पहुंच गए। उन्होंने बताया कि रोहित शादीशुदा है। दो बच्चे हैं। वह कोरियर कंपनी में काम करता था। दो दिन पहले घर से निकला था। वह फोन नहीं उठा रहा था। पुलिस को गृह क्लेश में आत्महत्या की आशंका है। पुलिस जांच कर रही है।